IPS OFFICER VINOD KUMAR MALL TO LEAD BUDH SE KABIR TAK YATRA
गोरखपुर
गुजरात कैडर के आईपीएस अधिकारी विनोद कुमार मल्ल इस समय एडीजीपी के पद पर तैनात हैं। उत्तर प्रदेश में सांप्रदायिक सद्भावना के लिए वह पहल करने जा रहे हैं। वह उत्तर प्रदेश के कुशीनगर, मगहर होते हुए गोरखपुर तक एक यात्रा निकालने जा रहे हैं। ‘बुद्ध से कबीर तक’ नाम से निकाली जाने वाली इस यात्रा में कई युवा शामिल होंगे
यात्रा पांच अप्रैल से सात अप्रैल तक 80 किलोमीटर तक का सफर तय करेगी। इस दौरान 15 गांव के लोगों को इस यात्रा से जोड़ा जाएगा। रास्ते में पड़ने वाले कई शैक्षिक और धार्मिक संस्थान भी इसका हिस्सा बनेंगे। विनोद कुमार मल्ल का गृह जनपद गोरखपुर है इसलिए उन्हें उत्तर प्रदेश और गोरखपुर से खास लगाव है।
विनोद कुमार ने बताया महान विभूतियों के शारीरिक अवशेष कुशीनगर और मगहर में हैं लेकिन हम लोगों ने शांति और सहानुभूति की भावना खो दी है। दूसरों के दर्द, दुख और उनकी मुसीबतों से लोगों को सुख की अनुभूति होती है। राजनीति से प्रेरित होकर देश में कई जगहों पर दंगे-फसाद हो रहे हैं। ऐसे में लोगों के बीच बुद्ध और कबीर जैसी विभूतियों का संदेश पहुंचाना बहुत जरूरी है।
उन्होंने कहा कि यात्रा कुशीनगर से 5 अप्रैल की सुबह ग्रामीणों और युवाओं के साथ शुरू होगी। 6 अप्रैल को मगहर के लिए यात्रा प्रस्थान करेगी। इस दौरान शांति और सद्भावना पर विभिन्ना कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यात्रा सात अप्रैल को गोरखपुर आकर समाप्त होगी। सात अप्रैल को एक सेमिनार का आयोजन गोरखपुर यूनिवर्सिटी में किया जाएगा। इस सेमिनार का टॉपिक ‘क्या पूर्वी उत्तर प्रदेश से बुद्ध और कबीर उनकी सामाजिक पहचान खो रहे हैं?’ रखा गया है। कार्यक्रम की समाप्ति कबीर के संगीत से होगी।




